अम्बिकापुर। 11 दिसम्बर। नगरीय निकाय चुनाव से पहले निगम का हाल और बेहाल हो गया है पहले से हड़ताल कर रहे ठेका कर्मियों के साथ आज से नियमित कर्मचारियों ने भी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी जिसके कारण पूरे निगम का सारा काम काज ठप्प हो गया है। इसका असर आज पहले दिन से ही दिखना शुरू हो गया जब निगम का पूरा कार्यालय सूना पड़ा था। इक्का दुक्का लोग अपने काम के लिए यहां भटकते हुए दिखाई दिये।
प्लेसमेंट कर्मचारियों के बाद आज से नियमित कर्मचारियों के द्वारा भी हड़ताल प्रारंभ कर देने से निगम की सारी व्यवस्था चरमरा गई है आज निगम में सन्नाटा पसरा हुआ था इक्का दुक्का कर्मचारी यहां अवश्य घूमते दिखे पर वे भी कोई काम नहीं कर रहे थे टेबल-कुर्सियां खाली पड़ी हुई थी और अपने काम से निगम आ रहे लोग यहां वहां भटक रहे थे जिन्हें कार्यालय में आए कुछ कर्मचारियों द्वारा हड़ताल होने की जानकारी दी जा रही थी जिससे लोग परेशान हाल वापस जा रहे थे अगर ऐसा ही हाल रहा तो आने वाले दिनों में यहां व्यवस्था पूरी तरह से धरासायी हो सकती है जिसका खामियाजा स्थानीय चुनाव लड़ने का सपना संजोए बैठे पक्ष विपक्ष दोनों दलों के नेताओं को भुगतना पड़ सकता है।
महापौर व सभापति ने किया निगम कर्मियों के मांग का समर्थन
नगर निगम में कर्मचारियों की चल रही हड़ताल के बीच आज दोपहर महापौर डॉ0 अजय तिर्की व सभापति अजय अग्रवाल ने आज हड़ताली ठेकाकर्मियों के हड़ताल स्थल पर उपस्थित होकर उनकी मांगों को अपना समर्थन दिया तथा शासन से कर्मचारियों की मांगो पर ध्यान देते हुए उसे पूरा करने की दिशा में पहल करने की मांग भी रखी।
प्लेसमेंट के बाद नियमित कर्मचारियों के भी हड़ताल में चले जाने से व्यवस्था ठप्प हो गई है प्रदेश सरकार से कर्मचारियों की मांगो पर शीघ्र निर्णय लेने की मेरी भी अपील है।
डॉ0 अजय तिर्की
महापौर, अम्बिकापुर