अम्बिकापुर। 16 सितम्बर। एजेंसी।
अम्बिकापुर के कलाकेन्द्र मैदान में आज दोपहर चल रहे ईद मिलादुन्नबी कार्यक्रम के दौरान एक विशालकाय यूकेलिप्टस का पेड़ कार्यक्रम स्थल से थोड़ी दूरी पर गिर गया। इस हादसे में पेड़ के पास खड़ा एक स्कॉर्पियो वाहन तथा चार दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस हादसे में गाड़ी के पास खड़ा एक युवक पेड़ की चपेट में आकर घायल हो गया जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, वहीं स्कॉर्पियो के भीतर कुछ महिलाएं बैठी हुयी थीं जो बाल-बाल बच गयीं।
घटना के बाद पुलिस तथा प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची हुई थी। समाचार लिखे जाने तक वन विभाग के कर्मचारियों के मदद से पेड़ को काटकर किनारे किया जा रहा था।