बीजापुर। 16 जनवरी। जिले के उसूर ब्लॉक के पुजारी कांकेर व मारुड़बाका के जंगल में गुरुवार को सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ में सुरक्षाबल के जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर तीन जिलों के नक्सलियों के खिलाफ जवान बड़ा ऑपरेशन चला रहे हैं। गुरुवार को सुरक्षाकर्मियों की एक संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस फोर्स के वापस लौटने के बाद की पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगा कि कुल कितने नक्सली मारे गये हैं। जवान नक्सलियों के शवों को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद इन शवों की शिनाख्ती की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस नक्सल ऑपरेशन में करीब एक हजार जवान शामिल हैं। ज्वाइंट ऑपरेशन में सुकमा, दंतेवाड़ा डीआरजी के अलावा सीआरपीएफ के जवान भी शामिल हैं। जवानों ने नक्सलियों को चारों तरफ से घेर रखा है। इससे हड़बड़ाये नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवान मोर्चा संभाल कर मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। इस ऑपरेशन में नक्सलियों के भारी नुकसान की बात कही जा रही है। बस्तर आईजी पी सुंदरराज इस नक्सल ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे हैं।